भोपाल// भाजपा अब सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां भाषणों से नहीं, लाभार्थियों की जुबानी जनता तक पहुंचाएगी,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प’ अभियान में उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, लाड़ली बहना, लखपति दीदी और स्व-सहायता समूह जैसी योजनाओं के हितग्राहियों को मंच पर लाया जाएगा,वे बताएंगे कि सरकारी योजना ने उनकी जिंदगी कितनी बदली।
विपक्ष के आरोपों का जवाब भी ‘लाभार्थी’ देंगे
भाजपा की रणनीति साफ है,सरकार पर सवाल उठें तो जवाब पार्टी नेता नहीं, योजना का लाभ लेने वाला परिवार दे,सम्मेलन में लाभार्थी अपने संघर्ष, योजना से मिले लाभ और जीवन में आए बदलाव की कहानी साझा करेंगे,यानी सरकारी योजनाओं की फाइलों से निकलकर अब उनकी ‘कहानी’ सीधे मंच और जनता तक पहुंचेगी।
71 हजार बूथ, 12 कार्यक्रम और एक महीने की कवायद
अभियान के तहत प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों तक पहुंचने की तैयारी है। एक महीने में 12 अलग-अलग कार्यक्रम होंगे,विकास यात्रा और बाइक यात्रा के साथ लाभार्थी परिवारों से सीधा संवाद किया जाएगा। कोशिश यही रहेगी कि ‘डबल इंजन सरकार’ की उपलब्धियों का संदेश हर बूथ और हर लाभार्थी तक पहुंचाया जाए।
सेवा संकल्प के पीछे चुनावी गणित भी
भाजपा भले इसे सेवा और जनकल्याण का अभियान बता रही हो, लेकिन राजनीतिक कैलेंडर भी सामने है। अगले साल नगरीय निकाय चुनाव और उसके बाद विधानसभा व लोकसभा चुनाव हैं। ऐसे में 71 हजार बूथों तक लाभार्थियों की पहुंच को महज संगठनात्मक कार्यक्रम मानना मुश्किल है।
सरकार की योजनाएं मंच पर होंगी, लाभार्थी गवाही देंगे और कार्यकर्ता संदेश लेकर घर-घर जाएंगे। भाजपा की कोशिश सरकारी योजनाओं को सीधे चुनावी संवाद में बदलने की दिखाई दे रही है।
सियासी गलियारों में चर्चा
भाजपा के लिए असली सवाल यह नहीं है कि योजनाओं के कितने लाभार्थी हैं, बल्कि यह है कि वे वोट में कितने बदलते हैं। इसलिए ‘सेवा संकल्प’ में सेवा के साथ संगठन, प्रचार और चुनावी तैयारी—तीनों का रंग दिखाई दे रहा है।
71 हजार बूथ + 12 कार्यक्रम + लाभार्थियों की गवाही = भाजपा का बड़ा जनसंपर्क अभियान
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री के लिए सेवा केवल संकल्प नहीं, बल्कि जीवन और ध्येय है और यही भावना अभियान की आत्मा होगी
चुनावी ब्रांडिंग के लिए लाभार्थियों का सहारा ,71 हजार बूथों पर भाजपा का 'सेवा संकल्प '
17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ की शुरुआत;,बूथों पर 12 कार्यक्रम, योजनाओं के हितग्राही बनेंगे सरकार के ‘ब्रांड एंबेसडर’
Continue With Google
Comments (0)