हमारा निशाना की कंटेंट पॉलिसी
“सच्ची बात, खरी बात” के मूल मंत्र के साथ हमारा निशाना डॉट कॉम ऐसा कंटेंट प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विश्वसनीय, तथ्यपरक, निष्पक्ष, निर्भीक और पाठकों के लिए उपयोगी हो।
1. खबर में तथ्य सर्वोपरि
हर खबर को उपलब्ध विश्वसनीय स्रोतों और तथ्यों के आधार पर प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा। अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों को खबर के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जाएगा।
2. स्थानीय खबरों को प्राथमिकता
इटारसी, नर्मदापुरम और आसपास के क्षेत्रों की राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, सामाजिक गतिविधियों और जनसमस्याओं को प्रमुख स्थान दिया जाएगा।
3. राष्ट्रीय खबरें, स्थानीय नजरिया
देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं को सरल भाषा में प्रस्तुत करने के साथ जहां जरूरी हो, उनके स्थानीय प्रभाव और संदर्भ को भी सामने लाया जाएगा।
4. खबर और राय अलग-अलग
समाचार में तथ्य और संबंधित पक्षों का पक्ष प्रमुख होगा। संपादकीय, विश्लेषण, टिप्पणी और व्यंग्य को समाचार से स्पष्ट रूप से अलग रखा जाएगा।
5. सवाल पूछना पत्रकारिता का अधिकार
प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और प्रभावशाली संस्थाओं से जनहित के सवाल पूछने में कोई संकोच नहीं होगा। आलोचना व्यक्ति-विरोध नहीं, जनहित का माध्यम होगी।
6. सभी पक्षों को अवसर
किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप से जुड़ी खबरों में संभव हो तो संबंधित पक्ष का पक्ष भी प्रकाशित किया जाएगा।
7. सनसनी नहीं, सरोकार
क्लिक, व्यूज या सनसनी के लिए भ्रामक शीर्षक, अफवाह, अतिरंजना या असत्यापित दावे प्रकाशित नहीं किए जाएंगे।
8. लाइफस्टाइल और उपयोगी कंटेंट
लाइफस्टाइल, शिक्षा, कला-संस्कृति, मनोरंजन, पर्यटन, खान-पान और अन्य विषयों की सामग्री में पाठक की रुचि के साथ उसकी उपयोगिता और विश्वसनीयता का ध्यान रखा जाएगा।
9. संवेदनशील खबरों में जिम्मेदारी
अपराध, दुर्घटना, मृत्यु, बच्चों और अन्य संवेदनशील मामलों में अनावश्यक सनसनी, पीड़ित की गरिमा भंग करने वाली सामग्री और पहचान उजागर करने से बचा जाएगा।
10. गलती होने पर सुधार
यदि प्रकाशित सामग्री में तथ्यात्मक त्रुटि सामने आती है तो उसे छिपाने के बजाय उचित तरीके से सुधारना हमारी जिम्मेदारी होगी।
हमारा सिद्धांत
हमारा निशाना किसी व्यक्ति, दल या संस्था पर नहीं—सच्चाई पर है।
सच्ची बात। खरी बात। बिना लाग-लपेट।
Continue With Google