पितरों के लिए श्रद्धा वही है, लेकिन पिंडदान का तरीका बदल रहा है।कभी रिश्तेदारों और स्थानीय पंडों के सहारे होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान अब तय पैकेज, ऑनलाइन बुकिंग, होटल और ट्रैवल सुविधा के साथ नए दौर में प्रवेश कर रहा है।आस्था की राह वही है, मगर यात्रा का अंदाज बदल गया है।गयाजी में पिंडदान अब सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक व्यवस्थित धार्मिक यात्रा का हिस्सा बनता जा रहा है—जहां श्रद्धा के साथ सुविधा भी पैकेज में शामिल है।
गयाजी(बिहार)// पितरों के प्रति श्रद्धा और मोक्ष की कामना लेकर गयाजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार पिंडदान की यात्रा कुछ आसान होने जा रही है। पितृपक्ष मेला 2026 में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने ऐसा इंतजाम किया है, जिसमें श्रद्धालु को अलग-अलग सेवाओं की व्यवस्था करने के बजाय एक ही पैकेज में यात्रा से लेकर पूजा, आवास और भोजन तक की सुविधा मिल सकेगी।
25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले पितृपक्ष मेले के लिए तैयार किए गए इन पैकेजों में पटना से पुनपुन घाट और गयाजी की यात्रा से लेकर गयाजी में पिंडदान तथा नालंदा-राजगीर भ्रमण तक के विकल्प शामिल हैं।
यानी श्रद्धालु अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से तय कर सकता है कि उसे सिर्फ पिंडदान करना है या धार्मिक यात्रा के साथ बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी देखना है।
पहले समझिए—कौन-सा पैकेज आपके लिए?
पैकेज यात्रा/अवधि शुल्क
पैकेज-A पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–पटना, 1 दिन ₹14,550 से ₹30,650
पैकेज-B पटना–पुनपुन–गयाजी–नालंदा–राजगीर–पटना, 2 दिन/1 रात ₹18,850 से ₹40,700
पैकेज-C गयाजी में 1 दिन का पिंडदान ₹11,250 से ₹25,250
पैकेज-D गयाजी, 2 दिन/1 रात ₹16,000 से ₹39,500
पैकेज-E गयाजी–राजगीर–नालंदा, 2 दिन/1 रात ₹16,550 से ₹32,850
नोट: शुल्क होटल की श्रेणी और यात्रियों की संख्या के अनुसार बदलता है।
पैकेज-A: पटना से गयाजी और वापस
अगर आपका मकसद सिर्फ पिंडदान है और समय कम है, तो यह विकल्प उपयोगी हो सकता है।
पटना → पुनपुन घाट → गयाजी → पटना
एक दिन के इस पैकेज में निर्धारित धार्मिक स्थलों पर पिंडदान कराया जाएगा। कार से यात्रा की सुविधा होगी। इसकी कीमत सुविधा और यात्रियों की संख्या के अनुसार ₹14,550 से ₹30,650 तक है।
पैकेज-B: पिंडदान के साथ नालंदा-राजगीर भी
धार्मिक यात्रा को पर्यटन से जोड़ना चाहते हैं तो यह पैकेज खास है।
पटना → पुनपुन घाट → गयाजी → नालंदा → राजगीर → पटना
एक रात और दो दिन के इस पैकेज में पिंडदान के साथ नालंदा के प्राचीन अवशेष और राजगीर के विश्व शांति स्तूप का भ्रमण भी कराया जाएगा।
एक यात्री के लिए शुल्क ₹18,850 से शुरू होकर यात्रियों की संख्या और सुविधा के अनुसार बढ़ता है। चार यात्रियों के लिए यह ₹40,700 तक है।
पैकेज-C: सीधे गयाजी पहुंचिए, पिंडदान करिए
जो श्रद्धालु खुद गयाजी पहुंच रहे हैं, उनके लिए यह पैकेज बनाया गया है।
एक दिन के इस पैकेज की शुरुआत ₹11,250 से होती है और सुविधा व यात्रियों की संख्या के अनुसार यह ₹25,250 तक जा सकता है।
पैकेज-D: देर रात या सुबह पिंडदान करने वालों के लिए
हर श्रद्धालु का अनुष्ठान का समय एक जैसा नहीं होता। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पैकेज तैयार किया गया है।
एक रात और दो दिन के इस पैकेज में विशेष रूप से देर रात, सुबह या शाम के समय पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधा रखी गई है।
एक व्यक्ति के लिए शुल्क ₹16,000 और चार यात्रियों के लिए ₹39,500 तक निर्धारित है।
पैकेज-E: पिंडदान के बाद राजगीर-नालंदा की यात्रा
गयाजी में पिंडदान के साथ बिहार की ऐतिहासिक विरासत देखना चाहते हैं तो यह विकल्प है।
गयाजी → राजगीर → नालंदा
एक रात और दो दिन के इस पैकेज की कीमत होटल श्रेणी और यात्रियों की संख्या के अनुसार ₹16,550 से ₹32,850 तक है।
पैकेज में सिर्फ गाड़ी नहीं…
इन पैकेजों की खास बात यह है कि सुविधा सिर्फ आने-जाने तक सीमित नहीं है। पैकेज के अनुसार श्रद्धालुओं को पिंडदान शुल्क, पूजा सामग्री, आवास और शाकाहारी भोजन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
होटल में बजट एसी से लेकर थ्री-स्टार श्रेणी तक के विकल्प रखे गए हैं। बोधगया में होटल स्टार, होटल गौतम, गीतांजलि, बुद्धा रिजॉर्ट और निरंजना रिजॉर्ट जैसे विकल्प उपलब्ध बताए गए हैं।
पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट भी पैकेज में शामिल किए गए हैं।
सबसे अलग: 23 हजार रुपये का 'ई-पिंडदान'
अगर कोई श्रद्धालु खुद गयाजी नहीं पहुंच सकता, तो उसके लिए ई-पिंडदान का विकल्प भी है।
पर्यटन निगम ने इसके लिए ₹23,000 का पैकेज तैयार किया है। इसमें पिंडदान की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कर पेन ड्राइव तैयार की जाएगी और इसे श्रद्धालु को उपलब्ध कराया जाएगा।
अर्थात श्रद्धालु खुद मौजूद न होकर भी अनुष्ठान की डिजिटल स्मृति अपने पास रख सकेगा।
“हमारा निशाना” का सवाल
क्या आधुनिक सुविधा परंपरा को आसान बना रही है या रीति-रिवाजों का स्वरूप बदल रही है?
पिंडदान के पैकेज इसी बदलती धार्मिक संस्कृति की एक तस्वीर हैं—जहां आस्था के साथ अब बजट, होटल, वाहन और ऑनलाइन बुकिंग भी जुड़ गए हैं।
आस्था वही ,रीति बदल रही,पिंडदान भी पैकेज में ,,,ई-पिंडदान भी .. ?
Continue With Google
Comments (0)