भोपाल/इंदोर / इटारसी //कांग्रेस ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को महज एक दिन का छात्र संवाद नहीं रहने देने का मन बना लिया है। 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी युवाओं से रूबरू होंगे, लेकिन कांग्रेस की असली कवायद मंच से कहीं बड़ी है। पार्टी प्रदेश के 1,006 ब्लाकों में बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण के जरिए करीब 25 लाख युवाओं को जोड़ने की तैयारी में है।सियासी गलियारों में इसे कांग्रेस की युवा वोट बैंक की नई कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। इंदौर में कार्यक्रम और प्रदेशभर में उसकी गूंज—कांग्रेस का यही मॉडल बताता है कि नजर सिर्फ छात्रों पर नहीं, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव की उस युवा पीढ़ी पर है, जो सत्ता की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
जबलपुर से उठी आवाज, इंदौर में सजा मंच
दिलचस्प यह है कि कार्यक्रम के लिए शुरुआत में जबलपुर का नाम सामने आया था। राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में जबलपुर में आयोजन का प्रस्ताव रखा था, लेकिन बाजी इंदौर के हाथ लगी। प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्र, आईआईटी-आईआईएम, आईटी कंपनियों और बड़ी छात्र आबादी की मौजूदगी ने इंदौर को कांग्रेस के लिए ज्यादा मुफीद बना दिया।यानी मंच मालवा में, लेकिन संदेश पूरे मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए।
भाजपा के ‘युवा नैरेटिव’ की काट
भाजपा लंबे समय से रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, सरकारी भर्तियों और युवा केंद्रित योजनाओं को अपनी राजनीतिक कहानी का हिस्सा बनाती रही है। मुख्यमंत्री द्वारा 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा ने इस नैरेटिव को और मजबूती दी है।कांग्रेस अब इसी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। रोजगार और भर्ती के सवालों के साथ युवाओं की अपेक्षाओं, असंतोष और भविष्य की चिंता को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश होगी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि कार्यक्रम में युवाओं के अधिकार, चुनौतियों और भविष्य की बात होगी और इसे पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।
25 लाख की गिनती से आगे है असली गणित
कांग्रेस का 25 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य केवल संगठनात्मक आंकड़ा नहीं माना जा रहा। प्रदेश में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सवा करोड़ से अधिक मतदाता हैं। ऐसे में 25 लाख युवाओं तक सीधे पहुंच बनाने की कोशिश को कांग्रेस की बड़ी राजनीतिक एक्सरसाइज माना जा रहा है।सवाल यही है—क्या ‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस के लिए 2028 की चुनावी जमीन तैयार करने की पहली बड़ी घंटी है?
नर्मदापुरम-इटारसी में भी दस्तक
राहुल के कार्यक्रम की तैयारी की गूंज नर्मदापुरम और इटारसी तक पहुंच चुकी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडेय और नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश बाथरे ने नर्मदापुरम में बैठक कर छात्रों और युवाओं से सहभागिता की अपील की। वहीं महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेहा चावरे ने इटारसी के महाविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद किया।अब देखना यह है कि इंदौर से उठने वाली ‘छात्रों की गूंज’ सिर्फ सभागार और स्क्रीन तक सीमित रहती है या फिर प्रदेश की राजनीति में युवा वोटों के लिए नई सियासी हलचल पैदा करती है।
Continue With Google
Comments (0)